Yuva India: भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। पंजाब की रहने वाली हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। इसके बाद बीसीसीआई ने स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंप दी है। 30 वर्षीय स्मृति अब भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तान के तौर पर नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
हरमनप्रीत ने मंगलवार को कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने करीब एक दशक तक भारतीय टीम का नेतृत्व किया। उनके कप्तानी कार्यकाल में भारत ने दो एशियन गेम्स गोल्ड मेडल भी जीते।
स्मृति मंधाना को मिली बड़ी जिम्मेदारी

बीसीसीआई ने हरमनप्रीत के बाद स्मृति मंधाना को टीम की कप्तानी सौंपी है। 30 साल की स्मृति भारतीय क्रिकेट की सबसे अनुभवी और सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 22 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तानी की है।
स्मृति के सामने अब 2028 टी20 वर्ल्ड कप और लॉस एंजिल्स ओलिंपिक जैसे बड़े लक्ष्य होंगे। टीम में नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय हुआ है जब भारतीय महिला क्रिकेट में नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने पर जोर है।
हरमनप्रीत का शानदार कप्तानी रिकॉर्ड

हरमनप्रीत कौर ने लंबे समय तक भारतीय महिला क्रिकेट की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में भारत ने कई अहम मुकाबले जीते और टीम को बड़े टूर्नामेंटों में आगे पहुंचाया।
उनके रिकॉर्ड की खास बातें:
- भारत को पहला महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जिताने वाली कप्तान।
- चार बार एशिया कप जीतने वाली कप्तान।
- 211 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की।
- कप्तान के रूप में 127 जीत दर्ज कीं।
- 150+ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी।
- महिला टी20 में कप्तान के रूप में 93 जीत।
- 382 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर।
हरमनप्रीत ने क्या कहा ?
कप्तानी छोड़ने के फैसले पर हरमनप्रीत ने कहा कि उन्होंने क्रिकेट को अपना सबकुछ दिया है और कई बार अपनी महत्वाकांक्षाओं को पीछे रखकर टीम के लिए काम किया। उन्होंने यह भी साफ किया कि कप्तानी छोड़ने के बावजूद क्रिकेट के लिए उनका प्यार कभी खत्म नहीं होगा।
वहीं, बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के दौरान हरमनप्रीत को वनडे कप्तानी जारी रखने का विकल्प दिया गया था, लेकिन वह मौजूदा भूमिका में ही बने रहना चाहती थीं। बोर्ड ने इसके बाद तीनों फॉर्मेट में नेतृत्व बदलने का फैसला किया।
स्मृति के आंकड़े भी शानदार
स्मृति मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11,066 रन बनाए हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 4,867 रन हैं। वह वनडे में नंबर-1 रैंकिंग हासिल कर चुकी हैं और दो WPL खिताब भी जीत चुकी हैं।
अब स्मृति के सामने भारतीय महिला क्रिकेट को अगले बड़े मुकाम तक पहुंचाने की चुनौती होगी।

