Yuva India: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को प्रदर्शन किया गया। Cockroach Janta Party (CJP) की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद करीब 4,000 से 5,000 लोग शिवाजी पार्क के बाहर जुटे।
प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे भी लगाए गए।
शबाना आजमी और विशाल ददलानी भी पहुंचे
प्रदर्शन में अभिनेत्री शबाना आजमी और गायक-संगीतकार विशाल ददलानी समेत कई लोग मौजूद रहे। शबाना आजमी ने मतदान के अधिकार को लेकर अपनी बात रखी और कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए।
CJP संयोजक अभिजीत दिपके ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाता है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पद छोड़ना होगा। उन्होंने इसे लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आगे बड़े प्रदर्शन की बात भी कही।
SIR प्रक्रिया रोकने की मांग
CJP ने SIR प्रक्रिया को रोकने, जनवरी 2025 की मतदाता सूची को बहाल करने और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने जैसी मांगें रखीं।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, मौके पर करीब 800 पुलिसकर्मी और दंगा नियंत्रण दल तैनात किए गए थे।

