Yuva India: पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी दिव्या मित्तल ने गुरुवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ के गठन का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
2013 बैच की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो संदेश जारी कर इस फैसले की घोषणा की। अपनी नई पार्टी के विजन को साझा करते हुए उन्होंने जनता केंद्रित नीति-निर्माण, पहचान के बजाय जरूरत के आधार पर फैसले और सार्वजनिक जवाबदेही पर जोर दिया।
‘जनता केंद्र में होगी‘: पार्टी के तीन मुख्य वादे
दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी ‘जननीति भारत’ के तीन प्रमुख स्तंभों और नारों का जिक्र किया:
- जन-केंद्रित नीतियां:
नारा: “जन से नीति, नीति से भारत”
उन्होंने कहा कि आम लोग नीति-निर्माण के केंद्र में होंगे और नीतियां तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
- आवश्यकता-आधारित निर्णय:
नारा: “ज़रूरत से फैसला, फैसले में बराबरी”
पार्टी का मुख्य एजेंडा जाति या पहचान के बजाय लोगों की वास्तविक जरूरतों के आधार पर निर्णय लेना और फैसला लेने की प्रक्रिया में समानता लाना होगा।
- पारदर्शिता और जवाबदेही:
नारा: “हर काम का हिसाब जनता लेगी” / “जनता को हिसाब, हिसाब से सुधार”
पार्टी शासन और प्रशासनिक कार्यों में जनता के प्रति पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित करेगी।
हाल ही में दिया था सेवा से इस्तीफा
गौरतलब है कि इसी साल 30 अगस्त को दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) से अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर राजनीति में कदम रखते हुए उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी नई पारी की शुरुआत कर दी है।
