Yuva India: ऑस्ट्रेलिआई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 15 साल के इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया है। 38 साल के मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। हालांकि, वे बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलते रहेंगे। फ्रेंचाइजी ने उनके साथ अपना करार 2027-28 सीजन तक बढ़ा दिया है।
ग्लेन मैक्सवेल ने पिछले साल जून में वनडे प्रारूप छोड़ दिया था, लेकिन टी20 इंटरनेशनल के लिए उपलब्ध थे। फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप में ओमान के खिलाफ खेला गया मुकाबला ही आखिरकार उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मैच साबित हुआ।
मैक्सवेल की दिली ख्वाहिश थी कि वे अपने घरेलू मैदान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर इंग्लैंड के खिलाफ आगामी व्हाइट बॉल दौरे के दौरान आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया की जर्सी पहनकर उतरें। 21 नवंबर को होने वाला टी20 इंटरनेशनल मैच उनका विदाई मैच बन सकता था। लेकिन ऐसा न हो सका और उन्होंने उससे 19 दिन पहले ही संन्यास का ऐलान कर दिया।
रोहित शर्मा के साथ 5 शतकों का वर्ल्ड रिकॉर्ड
ग्लेन मैक्सवेल ने अपने करियर में 130 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 154.42 के स्ट्राइक रेट से कुल 2897 रन बनाए और 51 विकेट हासिल किए। इस सबसे छोटे फॉर्मेट में उन्होंने 5 शतक लगाए हैं, जो भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
मैदान के मजेदार और दिलचस्प संस्मरण
- आउट नहीं हुए तो दोस्तों ने खेलना बंद करवाया
स्कूल के दिनों में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते हुए मैक्सवेल जब लगातार एक हफ्ते तक आउट नहीं हुए, तो तंग आकर दोस्तों ने टीचर से शिकायत कर दी। इसके बाद उन्हें स्कूल के मैदान में खेलने से रोक दिया गया था।
- कोहली ने कर दिया था ब्लॉक
साल 2017 में रांची टेस्ट के दौरान मैक्सवेल ने विराट कोहली के कंधे की चोट का मजाक उड़ाया था। इससे नाराज होकर विराट ने उन्हें इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था। बाद में साल 2021 में आरसीबी (RCB) के ट्रेनिंग कैंप के दौरान दोनों के बीच सुलह हुई और दोस्ती हो गई।
- प्रपोज करते समय अंगूठी ही भूल गए
मैक्सवेल की पत्नी विनी रमन भारतीय मूल की हैं। साल 2020 में विनी को प्रपोज करने के लिए मैक्सवेल उन्हें मेलबर्न के एक पार्क में ले गए। वहां मैक्सवेल घुटना टेककर बैठ गए और प्रपोज करने लगे, लेकिन जब विनी ने उन्हें गले लगाया तब मैक्सवेल को अचानक याद आया कि वे अंगूठी लाना ही भूल गए हैं।
