Yuva India: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अनिल अंबानी के रिलायंस समूह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 510.17 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच किया है। यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशन, रिलायंस होम फाइनेंस और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामलों के तहत की गई है। इनमें क्रमशः 247.12 करोड़ रुपये और 263.05 करोड़ रुपये की संपत्तियां शामिल हैं।
इस ताज़ा कार्रवाई के बाद समूह से जुड़े अलग-अलग मामलों में अब तक करीब 23,100 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त या कुर्क की जा चुकी है।
क्या-क्या संपत्ति हुई अटैच?
विमान और अन्य संपत्तियां: रिलायंस कम्युनिकेशन मामले में ईडी ने डसॉल्ट फाल्कन-2000 और एम्ब्रेयर चार्टर्ड विमान, महाराष्ट्र में 6 भूखंड और एक ऑफिस परिसर अटैच किया है।
पवन चक्कियां और बैंक बैलेंस: रिलायंस होम फाइनेंस और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस मामले में तमिलनाडु की 2 पवन चक्कियां, बैंक बैलेंस, फिक्स्ड डिपॉजिट, निवेश और प्राप्य रकम अटैच की गई है।
ईडी का गंभीर आरोप
जांच एजेंसी का आरोप है कि बैंकों और वित्तीय संस्थानों से मिले सार्वजनिक धन को दूसरी जगहों पर डायवर्ट किया गया तथा दिवाला कानून (IBC) का कथित दुरुपयोग कर कॉरपोरेट संपत्तियों को निजी इस्तेमाल के लिए सुरक्षित किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि रकम को विदेशी टैक्स हैवन तक पहुंचाया गया और इसका एक बड़ा हिस्सा प्रमोटरों तथा उनके परिवार के निजी लाभ के लिए इस्तेमाल हुआ। इन मामलों में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे की जांच जारी है।
