Yuva India : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। 26 सितंबर को खेले गए गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का खिताब जीता।
रोमांचक रहा गोल्ड मेडल मुकाबला
भारत और ईरान के बीच फाइनल मुकाबला बेहद कड़ा रहा। भारतीय टीम ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाया और तीन अंकों के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना तीसरा गोल्ड मेडल हासिल किया।
भारतीय महिला टीम की कप्तानी पुष्पा राणा कर रही थीं। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने ग्रुप चरण में बांग्लादेश को 42-21, ईरान को 37-23 और जापान को 50-25 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी।
हरियाणा की छह खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा
भारतीय महिला कबड्डी टीम में हरियाणा की छह खिलाड़ी भी शामिल हैं। हरियाणा लंबे समय से देश में महिला कबड्डी की मजबूत प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र रहा है। 2026 एशियन गेम्स के लिए घोषित 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम में पुष्पा राणा, रितु नेगी, सोनाली शिंगाते, संजू देवी, पूजा काजला, रितु श्योराण, ज्योति ठाकुर, पिंकी रॉय, मनीषा कुमारी, भावना ठाकुर, राज रानी और निकिता कुमारी शामिल हैं।
भारत ने लगातार दूसरी बार जीता खिताब
इस गोल्ड के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने 2022 के बाद लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीता है। 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारत ने महिला कबड्डी में गोल्ड हासिल किया था।
