Yuva India: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और कोटा पुलिस की संयुक्त पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों के निशाने पर केवल टाइगर श्रॉफ ही नहीं, बल्कि महानायक अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे कई बड़े बॉलीवुड सितारे भी थे।
बड़े अभिनेताओं के घरों की वीडियो फुटेज भेजी गई थी
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों (रिहान, रितिक और फूल सिंह) ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के मुंबई स्थित घरों की रेकी की थी। उन्होंने इन सितारों के बंगलों के वीडियो बनाकर अनिल पंडित को शेयर भी किए थे। हालांकि, इन बड़े सितारों के आवासों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आरोपियों ने अपने प्लान में बदलाव किया और कम सुरक्षा वाले चर्चित सितारों की तलाश शुरू कर दी।
टाइगर श्रॉफ को क्यों बनाया निशाना?
आरोपियों ने बताया कि लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने उन्हें किसी बड़े बॉलीवुड स्टार को निशाना बनाने का आदेश दिया था। जब सुरक्षा के कारण बड़े सितारे निशाने पर नहीं आ सके, तो उन्होंने गूगल के माध्यम से टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों और आदतों की जानकारी जुटाना शुरू किया।
आरोपियों को पता चला कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार शाम फुटबॉल खेलने आते हैं और उनके साथ केवल उनका ड्राइवर होता है। लगातार 7 दिनों तक रेकी करने के बाद, रविवार को आरोपी मौके पर पहुंचे और सेल्फी लेने के बहाने टाइगर की कार के पास जाकर उन पर फायरिंग कर दी।
ट्रेन से लाए गए थे हथियार, सोनीपत से 4 गिरफ्तार
मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शूटरों तक हथियार पहुंचाने के आरोप में हरियाणा के सोनीपत से 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबिता (23) शामिल हैं।
जांच अधिकारियों के अनुसार, राधा और बबिता ट्रेन के जरिए हथियार लेकर मुंबई पहुंची थीं और लॉरेंस गैंग के हैंडलर को हथियार सौंपकर वापस लौट रही थीं। मुंबई पुलिस को इन आरोपियों की 3 दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है।
हमले से ठीक पहले डरकर भागा चौथा साथी
कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उनके साथ एक चौथा युवक भी इस साजिश में शामिल था। हालांकि, हमले वाली रात को पार्क के बाहर भारी भीड़ देखकर वह घबरा गया और सिगरेट पीने के बहाने वहां से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से कई और महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिन्हें आगे की विस्तृत जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच के साथ साझा कर दिया गया है।
