बॉलीवुड के दो बड़े सितारे अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखाई दे रहे हैं। दोनों की फिल्म ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। खास बात यह है कि इस फिल्म के साथ अक्षय और सैफ करीब 18 साल बाद किसी फिल्म में एक साथ नजर आए हैं।
‘हैवान’ से पहले भी दोनों कलाकार कई फिल्मों में स्क्रीन शेयर कर चुके हैं। कभी वे भाइयों के किरदार में दिखे, तो कभी कहानी में एक-दूसरे के बिल्कुल अलग पक्ष में नजर आए। उनकी जोड़ी ने जहां कुछ सफल फिल्में दीं, वहीं कुछ प्रोजेक्ट बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके।
आइए जानते हैं अक्षय कुमार और सैफ अली खान की साथ की गई फिल्मों और उनके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के बारे में।
ये दिल्लगी (1994)
अक्षय कुमार और सैफ अली खान पहली बार ‘ये दिल्लगी’ में साथ नजर आए थे। फिल्म में दोनों ने भाइयों की भूमिका निभाई, जबकि काजोल मुख्य अभिनेत्री थीं।
कहानी विजय और विक्की नाम के दो भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है। सपना, उनके परिवार के ड्राइवर की बेटी होती है और जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करना चाहती है। एक मौके पर विक्की उसके सामाजिक दर्जे को लेकर उसका अपमान कर देता है। इस घटना के बाद सपना शहर छोड़ देती है और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ती है।
कुछ साल बाद वह एक सफल मॉडल बनकर वापस लौटती है। सपना को देखकर विक्की उससे प्यार करने लगता है, लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब विजय के मन में भी उसके लिए भावनाएं पैदा हो जाती हैं। सपना का झुकाव भी विजय की ओर बढ़ने लगता है।
इसके बाद फिल्म प्यार, रिश्तों और भाईचारे के बीच पैदा होने वाले तनाव को दिखाती है। रोमांस और पारिवारिक भावनाओं के मेल ने उस दौर में दर्शकों को खूब पसंद आया था।
बॉक्स ऑफिस पर कैसी रही ‘ये दिल्लगी’?
- फिल्म का बजट करीब 2 करोड़ रुपये बताया जाता है।
- उपलब्ध बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 10.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
- फिल्म को उस दौर की सफल फिल्मों में गिना गया और अक्षय-सैफ की जोड़ी को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

