फिल्म ‘दायरा’ की टीम म्यूजिक एल्बम लॉन्च इवेंट में एक साथ नजर आई। कार्यक्रम में गुलजार, मेघना गुलजार, करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन ने फिल्म से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं। इस दौरान किरदारों, फिल्म के संदेश और शूटिंग के अनुभवों पर भी चर्चा हुई।
करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘दायरा’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। म्यूजिक लॉन्च के मौके पर दोनों कलाकारों के साथ फिल्म की निर्देशक मेघना गुलजार और गीतकार गुलजार भी मौजूद रहे।
करीना के साथ काम करने पर क्या बोले पृथ्वीराज?
पृथ्वीराज सुकुमारन ने बताया कि फिल्म में उनके और करीना कपूर खान के किरदारों की सोच एक-दूसरे से अलग है। दोनों न्याय को अपने-अपने नजरिए से देखते हैं, इसलिए किरदारों की मानसिकता और उनके फैसलों को समझना बेहद जरूरी था।
उन्होंने कहा कि चुनौती यह थी कि दोनों किरदार अपनी बात पर मजबूती से टिके रहें और दर्शकों को भी लगे कि उनकी सोच के पीछे ठोस वजह है। यही टकराव फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाता है।
फिल्मों के असर पर बोलीं मेघना गुलजार
मेघना गुलजार ने कहा कि किसी सामाजिक या महत्वपूर्ण संदेश को लोगों तक पहुंचाने में सिनेमा की भूमिका काफी असरदार हो सकती है। उनके मुताबिक, फिल्म के जरिए कही गई बात दर्शकों के मन में लंबे समय तक बनी रह सकती है।
उन्होंने शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट का जिक्र करते हुए कहा कि उसके मुकाबले फिल्मों में किसी विषय और भावना को विस्तार से दिखाने की ज्यादा गुंजाइश होती है।
करीना ने मेघना को बताया ‘टास्कमास्टर’
इवेंट के दौरान करीना कपूर खान ने मेघना गुलजार को मजाकिया अंदाज में ‘टास्कमास्टर’ कहा। करीना ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें अपने चर्चित ‘बेबो’ वाले एक्सप्रेशंस दिखाने के ज्यादा मौके नहीं मिले।
उन्होंने हंसते हुए कहा कि इसी वजह से ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने अपने ‘बेबो’ एक्सप्रेशंस की पूरी कमी पूरी कर दी। इस बातचीत के दौरान पूरी टीम का हल्का-फुल्का अंदाज भी देखने को मिला।
गुलजार और मेघना का खास बॉन्ड
म्यूजिक लॉन्च इवेंट में गुलजार और मेघना गुलजार की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। पिता-बेटी की यह जोड़ी कार्यक्रम के दौरान बेहद सहज नजर आई। फिल्म की टीम ने संगीत और कहानी के साथ-साथ इस प्रोजेक्ट से जुड़े भावनात्मक पहलुओं पर भी बात की।

