Yuva India: केंद्र सरकार ने ‘अग्निपथ योजना’ के तहत देश की सेनाओं में सेवा दे रहे अग्निवीरों के लिए एक बहुत बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। अब अग्निवीरों का कार्यकाल 4 साल से बढ़ाकर कुल 6 साल कर दिया गया है। यानी चार साल की मूल सेवा अवधि पूरी होने के बाद जवानों को 2 साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) दिया जाएगा।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) ने इस अहम फैसले की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया है कि जिन युवाओं का परफॉर्मेंस बेहतरीन और उत्कृष्ट रहेगा, उन्हें आगे चलकर परमानेंट नौकरी (स्थायी नियुक्ति) का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
देश में 3.18 लाख अग्निवीर सैनिक
वर्तमान में देश भर के विभिन्न सैन्य बलों (थल सेना, नौसेना और वायु सेना) में कुल 3.18 लाख अग्निवीर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार के इस नए प्रावधान से पहले बैच और आने वाले सभी युवाओं को बड़ा फायदा मिलेगा।
तीन तरह के होंगे सैनिक
इस बदलाव के बाद भारतीय सेना के ढांचे में एक नया स्वरूप देखने को मिलेगा, जहां अब फौज में तीन तरह के सैनिक नजर आएंगे:
- परमानेंट सैनिक (नियमित कैडर)
- 2 साल के एक्सटेंशन वाले अग्निवीर
- शुरुआती चार साल की सेवा वाले अग्निवीर
बेहतर प्रदर्शन पर स्थायी करियर की राह आसान
योजना के तहत पहले जहां केवल 25% अग्निवीरों को ही सेवा में स्थाई किए जाने का प्रावधान था, वहीं अब अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलने से युवाओं को अपनी क्षमता साबित करने और सेना में अपने भविष्य को सुरक्षित करने के और अधिक अवसर मिलेंगे। रक्षा जानकारों का मानना है कि यह कदम न सिर्फ युवाओं के भविष्य को और मजबूत करेगा, बल्कि देश की सैन्य क्षमताओं को भी अधिक अनुभवी और दक्ष बल से लैस करेगा।
