Yuva India: बुढ़ापे में नियमित आमदनी और वित्तीय सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार की अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana) बेहद लोकप्रिय है। नौकरीपेशा लोगों के साथ-साथ असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले नागरिकों के लिए भी यह योजना काफी मददगार साबित होती है। इस योजना के तहत 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद हर महीने 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन मिलती है। हालांकि, इस योजना से जुड़ने के लिए कुछ नियम और पात्रता शर्तें तय की गई हैं। आवेदन करने से पहले यह जानना बेहद जरूरी है कि इस योजना का लाभ किसे मिल सकता है और कौन लोग इसके पात्र नहीं हैं।
कौन लोग नहीं जुड़ सकते अटल पेंशन योजना से?
अटल पेंशन योजना के नियमों के मुताबिक, कुछ श्रेणियों के लोग इस योजना के लिए पात्र नहीं माने जाते हैं:
- यदि आवेदक की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच नहीं है, तो वह आवेदन नहीं कर सकता।
- जो व्यक्ति भारत का नागरिक नहीं है, वह इस योजना का लाभ नहीं ले सकता।
- इनकम टैक्स चुकाने वाले यानी करदाता (Taxpayers) इस योजना से नहीं जुड़ सकते।
- जिन लोगों के नाम पर बैंक या डाकघर में कोई बचत खाता (Savings Account) नहीं है, वे भी इस योजना के पात्र नहीं हैं।
हर महीने कितना करना होता है निवेश?
अटल पेंशन योजना में प्रीमियम की राशि आपके द्वारा चुने गए पेंशन प्लान और आपकी उम्र पर निर्भर करती है। उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यक्ति 18 वर्ष की उम्र में 5,000 रुपये प्रति माह का पेंशन विकल्प चुनता है, तो उसे हर महीने 210 रुपये का प्रीमियम देना होता है।
इसी तरह, यदि किसी व्यक्ति की उम्र 30 वर्ष है और वह 5,000 रुपये मासिक पेंशन वाला प्लान चुनता है, तो उसका मासिक प्रीमियम 577 रुपये होता है। नियमों के अनुसार, इस योजना का लाभ लेने के लिए आपको कम से कम 20 साल तक नियमित निवेश करना होता है।
कैसे करें अटल पेंशन योजना के लिए आवेदन?
अटल पेंशन योजना से जुड़ने की प्रक्रिया बेहद आसान है। इसके लिए आपको उस बैंक या डाकघर में जाना होगा जहां आपका बचत खाता है। वहां संबंधित अधिकारी से अटल पेंशन योजना का आवेदन फॉर्म प्राप्त करना होगा। फॉर्म भरने के बाद आपकी केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसके बाद बैंक अधिकारी प्रीमियम की जानकारी देकर आपके बचत खाते को इस योजना से लिंक कर देते हैं और आपका आवेदन सफलतापूल्र्वक दर्ज हो जाता है।
