Yuva India: दुनिया भर के टेक अरबपतियों और बड़े कारोबारियों के शौक में पिछले पांच सालों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अब ये अरबपति अपनी कलाई पर स्मार्टवॉच या हीरे-सोने से चमकने वाली घड़ियां पहनने के बजाय ‘अदृश्य लग्जरी’ और सीमित संख्या में बनने वाली हैंडमेड और थीम-बेस्ड घड़ियों को तरजीह दे रहे हैं।
इन घड़ियों की खासियत यह है कि ये पहली नज़र में साधारण दिखाई देती हैं, लेकिन इनके अंदर का मैकेनिकल सिस्टम और माइक्रो-इंजीनियरिंग बेहद जटिल और करोड़ों रुपये की होती है।
क्यों बदल रहा है ट्रेंड? (मुख्य 3 कारण)
- प्राइवेसी और सुरक्षा: साधारण दिखने वाली घड़ियों पर लोगों का ध्यान कम जाता है, जिससे सुरक्षा और प्राइवेसी बनी रहती है।
- इंजीनियरिंग और कारीगरी का सम्मान: बाहरी चमक-दमक के बजाय घड़ी के अंदर की जटिल और सूक्ष्म तकनीक को प्राथमिकता दी जा रही है।
- ट्रेंड बनाम टाइमलेस वैल्यू: हीरों की चमक के मुकाबले टिकाऊ, क्लासिक और ऐतिहासिक डिजाइन को अधिक महत्व दिया जा रहा है।
इन टॉप ब्रांड्स की घड़ियों के दीवाने हैं दिग्गज
रिचर्ड मिल (Richard Mille)
विशेषताएं: हाई-टेक बॉडी, बेहद हल्की, ग्रेड 5 टाइटेनियम और कार्बन से निर्मित shock-resistant आर्किटेक्चर।
कौन पहनता है: एलन मस्क, लैरी गैरिसन।
अनुमानित कीमत: ₹1.30 करोड़ से ₹27 करोड़ तक।
एफपी जर्न (F.P. Journe)
विशेषताएं: हाथ से बनी 18 कैरट रोज गोल्ड की आंतरिक मशीनरी। सालाना 1000 से भी कम उत्पादन। पुरानी होने पर इनकी कीमत बढ़ती है।
कौन पहनता है: केविन ओ’लियरी, मार्क जुकरबर्ग।
अनुमानित कीमत: ₹0.16 करोड़ से ₹11 करोड़ तक।
डी बेथ्यून (De Bethune)
विशेषताएं: एस्ट्रोनॉमी फीचर्स, मूनफेस और हैंडमेड डायल। टाइटेनियम को अत्यधिक ताप पर गर्म कर गहरा नीला रंग दिया जाता है। साल में केवल 350 यूनिट्स ही बनती हैं।
कौन पहनता है: माइकल जॉर्डन।
अनुमानित कीमत: ₹0.43 करोड़ से ₹2.88 करोड़ तक।
ग्रेबेल फोर्से (Greubel Forsey)
विशेषताएं: हाथ से बनी, मल्टी-एक्सिस टूरबिलन तकनीक के साथ सटीक समय दर्शाने के लिए मशहूर। इनके खरीदारों की पहचान गुप्त रखी जाती है।
कौन पहनता है: मार्क जुकरबर्ग।
अनुमानित कीमत: ₹2.16 करोड़ से ₹7.63 करोड़ तक।
पाटेक फिलिप (Patek Philippe)
विशेषताएं: क्लासिक और सादा डिजाइन, बिना किसी चमकदार ब्रांड लोगो के। स्विट्जरलैंड का सबसे पुराना ब्रांड। लंबे समय बाद इसकी बेहतरीन रीसेल वैल्यू मिलती है।
कौन पहनता है: बर्नार्ड अर्नॉल्ट, अनंत अंबानी।
अनुमानित कीमत: ₹0.17 करोड़ से ₹48.6 करोड़ तक।
खास बात: कोरोना महामारी के बाद से मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग से लेकर भारत के दिग्गज कारोबारी घराने के अनंत अंबानी तक को ऐसी ही अनोखी और लिमिटेड एडिशन टाइमपीस (घड़ियां) पहने देखा गया है। इनमें से कई विंटेज घड़ियों की कीमतें समय के साथ कम होने के बजाय और बढ़ जाती हैं।
